रायगढ़, 19 जुलाई। रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र के ग्राम छापरपानी में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। गांव के बाहरी इलाके में स्थित एक सुनसान बोर मकान में रह रही एक महिला और उसकी 10 माह की बच्ची मृत अवस्था में मिलीं। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है।

CG Breaking News प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृत महिला की पहचान बरत कुमारी (35 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पति की मृत्यु के बाद वह मानसिक रूप से परेशान रहती थी और अपने मायके में रह रही थी। पिछले कुछ समय से वह गांव के बाहर स्थित एक बोर मकान में अपनी 10 माह की बेटी परी के साथ रह रही थी।
16 जुलाई की सुबह ग्रामीणों को महिला के घायल होने की सूचना मिली। परिजन और ग्रामीण जब मौके पर पहुंचे तो महिला गंभीर रूप से लहूलुहान अवस्था में पड़ी थी, जबकि उसकी मासूम बेटी की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। महिला के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान मिले, जिससे किसी भारी वस्तु से हमला किए जाने की आशंका जताई जा रही है।

CG Breaking News सूचना मिलते ही लैलूंगा पुलिस, एसडीओपी धरमजयगढ़ तथा FSLऔर डॉग स्क्वॉड की टीम घटनास्थल पहुंची। मौके से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने स्वयं घटनाक्रम की समीक्षा की और जांच अधिकारियों को हर पहलू की बारीकी से जांच करने के निर्देश दिए। पुलिस संदिग्धों से पूछताछ कर रही है तथा वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास जारी है।
पुलिस का कहना है कि जांच तेजी से आगे बढ़ रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें कानून के दायरे में लाया जाएगा।
